Tuesday, October 23, 2007

व्यर्थ गंवाया अर्थ

हालाँकि नवदुर्गा उत्सव और दशहरे के सभी उत्सव खत्म हो चुके है परंतु उंकी खुमारी अभी भी सभी लोगों पर छाई ही होगी। अच्छा है कम से कम इन कुछ दिनों मे इतने सारे आयोजनो के माध्यम से लोग ईश्वर को उसके अस्तित्व का अह्सास दिला देते हैं। इन दिनो आयोजनों के नाम पर खूब पैसा इकट्ठा किया जाता है और उसे सजावट और विभिन्न कार्यक्रमों के भव्य आयोजनो के लिए खर्च भी किया जाता है। इन कुछ दिनों में शायद वे सभी लोग आस्तिक हो जाते हैं जिनका ईश्वर से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। ये लोग वर्ष भर तो गरीबों का खून चूस-चूस कर पैसा इकट्ठा करते हैं और इन कुछ दिनों में दिल खोल कर इन आयोजनों मे व्यय भी करते हैं। ऐसा लगता है जैसे भगवान को भी घूस दे रहे हों।
हिन्दुस्तान के अन्दर ऐसी कई मान्यताएं हैं जो मुझे अक्सर हास्यास्पद लगती हैं। और इन मान्यताओं का अनुशरण न करने के कारण मुझे कई बार कई प्रकार की यातनाओं का भी सामना करना पड़ता है। यहाँ तक की मेरे परिवार वाले भी मुझे नास्तिक और न जाने क्या-क्या कहते हैं। मेरा मन कभी भी यह स्वीकार नहीं कर पाता कि भगवान सिर्फ मन्दिर में ही है क्यों कि मैं तो बचपन से यही सुनता आया हूं कि वह सर्वव्यापी है, इसीलिए मैं मन्दिर नहीं जाता। और ऐसे ही न जाने कितनी ही मान्यताएं हैं जिन्हें मैं आस्था का विषय न मानकर सिर्फ ढकोसलों की श्रेणी में रखता हूं।
चलिए हम लोग विषय परिवर्तन न कर के सीधे अपने मूल विषय पर आते हैं। इस बार नवदुर्गा महोत्सव के समय हुए विभिन्न आयोजनों मे हुए व्यय के आँकड़े जब मेरे सामने आए तो एक तरफ तो मुझे बहुत आश्चर्य हुआ वहीं दूसरी तरफ दुःख भी। यदि जबलपुर शहर मात्र में हुए व्यय को ही लें तो इन दस दिनो में कुल मिला कर लगभग 25-30 लाख रुपयों का व्यय किया गया। एक ऐसा शहर जिसकी कुल आबादी लगभग 20 लाख है उसने नवदुर्गा महोत्सव मे 25-30 लाख रुपए खर्च किए। अब यदि इसी बात का दूसरे पक्ष पर दृष्टिपात किया जाए तो यहाँ की कुल आबादी का 20% अर्थात लगभग4 लाख लोग घोषित रूप से गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। ये वे लोग हैं जिन्हें दोनो वक़्त ठीक ढंग से पर्याप्त मात्रा में भोजन भी नसीब नहीं होता। अब यदि इस धन को लोग ऐसे आयोजनों की भव्यता में खर्च न कर के इन लोगों के उन्नयन मे लगाते तो मेरा ख्याल है की हम अपने आप को ईश्वर के करीब ले जाने में अधिक सफल होते। किसी ने ऐसे ही नहीं कहा है कि :-
मस्ज़िद है बहुत दूर चलो यूं कर लें,
किसी रोते हुए बच्चे को हँसाया जाए।

Monday, October 15, 2007

एक तबका अभी भी छूट रहा है

चिट्ठों की शुरुआत हुए काफी समय बीत गया है। आज हिन्दी चिट्ठे अपने शैशवकाल से थोड़ा ऊपर उठ कर योवन के धरातल की तरफ अपने कदम बढ़ा रहे हैं। इतना ही नहीं चिट्ठों को मुख्य धारा के संचार माध्यमों के नए एवं सशक्त माध्यम के रूप मे भी देखा जा रहा है। यह स्वभाविक भी है क्यों कि चिट्ठों मे कमोवेश भ्रष्टाचार की संभावना कम है। इसका मूल कारण है इनके आर्थिक पहलू का न होना। जिस किसी भी चीज़ का आर्थिक पहलू नहीं होगा और जिसका उद्देश्य मात्र स्वयं का सुख और सेवा होगा वहां भ्रष्टाचार की संभावनाएं उतनी ही कम हो जाती है। अभी तक के सभी चिट्ठों को पढने के बाद एक बात जो सामने आई वह यह है कि आम तौर पर सभी चिट्ठों का सरोकार य तो साहित्य से है या फिर सामयिक राजनीतिक मुद्दों के विश्लेषण से। यहां एक तबका ऐसा रह जाता जो कि तथाकथित मुख्य धारा मे तो अपनी जगह बना ही नहीं पा रहा है परंतु भविष्य के वैकल्पिक मीडिया कहे जाने वाले इन चिट्ठों से भी अछूता रह गया है।
जी हाँ मैं बात कर रहा हूं हमारे समाज के वंचित तबकों की। उन लोगों की जिन्हें दोनो वक़्त का भोजन भी सही ढंग से उपलब्ध नहीं हो पाता,कपड़ों के नाम पर जो महज़ कुछ चिथड़े अपने बदन पर लपेटे रहते हैं, उन लोगों की जो अपनी सारी ज़िन्दगी फुटपाथ पर ही बिता देते हैं। चिट्ठाजगत पर साहित्य की बातें होती हैं, जीवन की अनुभूतियों की बातें होती हैं, भाषा के उन्नयन की बातें होती हैं, राजनीति की बातें होती हैं अर्थिक नीतियों की बातें होती हैं पर फिर भी भारतीय समाज का यह यह एक बड़ा तबका जिन्हें हम वंचितों की श्रेणी मे रखते हैं।जिन्हे हमारे समाज ने एक दम हाशिए पर रख दिया है हमारे चिट्ठे जगत से एक दम छूट गया है। ऐसा नहीं है कि इनसे जुड़े मुद्दे लोगों को उद्द्वेलित नहीं करते परंतु अगर आवश्यक्ता है तो एक सार्थक पहल की। आवश्यक्ता है तो अपनी शक्ति को पहचान कर उसे एक दिशा देने की। अब यहाँ से तो सभी के व्यक्तिगत विचारों का मंथन प्रारंभ होता है। तो मित्रो चलो हम सब अपने विचारों के मंथन मे थोड़ी जगह इन लोगों को भी दें। मुझे यकीन है कि इस मंथन में भी कुछ महत्वपूर्ण रत्न निकल कर आएंगे। मैं जानता हूं कि मेरे चिट्ठे की पठनीयता इतनी अधिक नहीं है कि वह अधिक लोगों को प्रभावित कर पाए परंतु यदि मेरा यह सन्देश यदि किसी एक व्यक्ति को भी इन मुद्दों पर लिखने के लिए प्रेरित कर पाया तो मैं समझूंगा कि मेरा लिखना सार्थक रहा। नहीं तो "एकला चलो" का नारा तो साथ है ही। अकेले इस सफर की शुरूआत की है अकेले ही चलूंगा। पर फिर भी यह अवश्य कहूंगा कि "आओ पहल करें"

Thursday, October 11, 2007

इंडियन आईडल

एक समय था जब आदर्शों की बात करने पर महात्मा गाँधी, सुभाषचंद्र बोस, चंद्रशेखर आज़ाद, भगत सिंह जैसे महापुरुषों के नाम आते थे। माता-पिता अपने बच्चों को इन जैसे कर्म करने को प्रेरित किया करते थे। बच्चे भी बचपन से इन्हीं के बारे में सुन कर बड़े हुआ करते थे। परंतु धीरे-धीरे समय बदला, काल बदला और साथ ही बदल गए हमारे मूल्य और आदर्श। आज माता-पिता अपने बच्चों को जीवन के मूल्यों की जगह वस्तुओं के मूल्यों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करते हैं। हमने गाँधी, सुभाष, टैगोर, आज़ाद, तिलक, पटेल, शास्त्री जैसे महापुरुषों को एक दम हाशिए पर ला कर खड़ा कर दिया है। इनका अस्तित्व आज-कल महज़ कार्यालयों में टंगी,मिट्टी की पर्त से ढंकी, तस्वीरों और चौराहों पर खड़ी धूल धुसरित प्रतिमाओं तक ही सीमित रह गया है। और आज की युवा पीढी के आदर्शों की सूची में शुमार हो गए हैं अभिजीत सावंत, अमित साना, शाहरुख खान, आमिर खान, ऋतिक रोशन और न जाने ऐसे कितने ही लोग। ये हैं आज के इंडियन आईडल(भारत के आदर्श)। जीवन के मूल्यों का अवमूल्यन करते और आदर्शों का मिथ्या प्रदर्शन करते। ये ऐसे लोग हैं जो भूखमरी मिटाने के लिए भूखों के समूह मे खड़े हो कर आवाज़ तो ज़रूर उठाते हैं परंतु जूस पी-पी कर। तन ढंकने के लिए कपड़ों की गुहार करते लोगों की आवाज़ मे अपना स्वर ज़रूर मिलाते हैं परंतु ली की जींस, कॉटन प्लस की शर्ट, और वुडलेंड के जूते पहन कर।
बढिया है! हमारे देश ने काफी तरक्की कर ली है। हमने अपने सफर की शुरुआत खादी से कर के आज उसे ली, वूडलेंड, लीवाइस, कॉटन प्लस आदि पर ले आए हैं। सच है आज भले ही भारत में करोड़ों लोग ऐसे हैं जिन्हें खाने को भर पेट भोजन उपलब्ध नहीं है पर फिर भी हम लोग आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बहुत तेज़ी से अग्रसर हैं क्यों कि हमारे शेयर बाज़ार का सूचकांक 19,000 का आँकड़ा छूने को है।

Saturday, September 29, 2007

अरबपति और भूखे

मेरी एक रचना ‘प्रदर्शन का दर्शन’ पर समीर भाई ने एक बहुत अच्छी टिप्पणी और उसी टिप्पणी ने मुझे प्रेरित किया यह लेख लिखने को।
भाई अभी हाल ही में बॉलीवुड, हॉलीवुड, नॉलीवुड और न जाने कितने ही वुडों के लोग न्यूयॉर्क में हो रहे संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की इमारत के सामने भूख की समस्या को ले कर प्रदर्शन कर रहे थे। पर मुझे यह समझ नहीं आता कि जो लोग खुद हमेशा पांच सितारा होटलों में खाना खाते हों भला वे क्या जाने कि भूख क्या होती है? बकौल समीर भाई उनका नाम असरकारक है इसीलिये कुछ भला ही होगा। समीर भाई मैं भी आपकी बात से सहमत हूं। मैं इस प्रदर्शन के विरुद्ध भी नहीं हूं। परंतु सिर्फ तभी जब यह सब सिर्फ भला करने की मंशा से किया जा रहा हो। यदि आंकड़ों को याद किया जाए तो दुनिया में इस समय 946 घोषित अरबपति हैं और लगभग 80 करोड़ 54 लाख लोग ऐसे हैं जो जिन्हे रोज़ाना खाना नसीब नहीं होता। यदि बाकी अघोषित अरबपतियों और अन्य कई पतियों को छोड़ दिया जाए तो भी ये 946 अरबपति ही इन सभी भूखों के दोनो वक़्त के भोजन की व्यस्था कर सकते हैं। वो भी अपनी सेहत पर बिना कोई असर पड़े। परंतु समस्या वहीं खड़ी हो जाती है कि ऐसे प्रदर्शनों के माध्यम से इनकी मंशा ये नही होती कि भूख हटे। और हां यदि दुनिया में जितना भी काला धन है उसे ही निकाल कर इन लोगों को बांट दिया जाये तो ये सभी भूखे लखपति बन जायेंगे। वैसे एक गीत मैने बहुत पहले बचपन मे सुना था उसकी कुछ पंक्तियां यहां दे रहा हूं :
लहू का रंग एक है अमीर क्या गरीब क्या।
बने हैं एक खाक से तो दूर क्या करीब क्या।
वो अमीर इसलिये कि ये गरीब हो गए।
एक बादशाह हुआ तो सौ फकीर हो गए।

Monday, September 10, 2007

मध्य प्रदेश मे 44 लाख परिवार गरीबी रेखा के नीचे

गरीबी रेखा वह रेखा है जो गरीबोँ के ऊपर और अमीरोँ के नीचे से गुज़रती है. भले ही सैधांतिक रूप से यह परिभाषा सही ना हो परंतु व्यवहारिक रूप से गरीबी रेखा की परिभाषा इससे अलग नहीँ हो सकती. वास्तविकता मे गरीबी रेखा के माध्यम से प्रशासन ऐसे लोगों का चयन करता है जो इससे अधिक आभाव मे जी रहे हैं कि उन्हें रोज़ खाना नहीं मिलता, रोजगार का मुद्दा तो ऐसे लोगों के लिये सट्टे जैसा है, नाम मात्र को छ्प्पर मौज़ूद है या नहीं, कपडोँ के नाम पर कुछ चिथडे वे लपेते रहते हैं. ये वे लोग हैं जिन्हे विकास प्रक्रिया मे एक बहुत बडी बाधा माना जा रहा है.
हमारे देश मे इस तरह के लोगों की गिनती करने की शुरुआत 1960 से हुई उस समय ऐसे लोगों का चयन घरेलू उपभोग व्यय को आधार बना कर करना तय हुआ 60 के दशक मे ग्रामीण क्षेत्रोँ मेँ 20 रुपये और शहरी क्षेत्रो मे 25 रुपयो से कम का उपभोग करने वाले लोगों को इस सूची मे रखा जायेगा. इसके बाद 1973-74 मे ऐसे लोगों के चयन के लिये ऊर्जा को ऐसे लोगों के चयन का पैमाना बनाया गया. इस नये पैमाने के अनुसार एक साधारण ग्रामीण के लिये 2400 कैलोरी और शहरी व्यक्ति के लिये 2100 कैलोरी न्यूनतम मापक रखे गये. परंतु 1993-94 मे फिर इन मापको मे परिवर्तन किया गया और इने घटा कर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिये 1968 कैलोरी और शहरी क्षेत्र के लोगों के लिये 1890 कैलोरी कर दिया गया.
पिछ्ले दो दशको मे ग्रामीणो पर इस काम मे लगभग 45000 करोड रुपया खर्च किया जा चुका है परंतु फिर भी कुल लक्ष्य का मात्र 20 प्रतिशत ही हासिल किया जा सका है. 2006-07 के आर्थिक सर्वेक्षण के प्रतिवेदन के अनुसार आज भी प्रदेश की 38 प्रतिशत जनसंख्या यानी 44.77 लाख परिवार गरीबी रेखा के नीचे बसर कर रहे है जिनमे से 15.81 लाख परिवार अत्यधिक गरीबी मे अपना जीवन यापन कर रहे हैं. इतना ही नही करीब 60 लाख परिवार ऐसे भी हैं जो पर्याप्त भोजन और सम्मानजनक जीवन से वंचित हैं.
हालांकी यदि इस सूची का निर्माण सही ढंग से ऐवम पूर्ण ईमानदारी से किया जाये तो यह सूची बहुत महत्वपूर्ण होती है क्यों कि इसी सूची के आधार पर ही गरीबोँ, निराश्रितो, वृद्धो, विधवाओ आदि को जन-कल्याणकारी योजनाओ का सम्पूर्ण लाभ प्राप्त होगा. वर्तमान मे ऐसी 12 योजनाये हैं जो केवल बी.पी.एल. सूची मे आने वाले लोगों को ध्यान मे रख कर ही संचालित की जा रही हैं जबकी 9 जन-कल्याणकारी कार्यक्रम ऐसे लोगों के हितो की रक्षा के लिये संचालित की जा रही हैं. परंतु प्रशासन द्वारा बनयी गयी बी.पी.एल. सूची की प्रमाणिकता पर भी कई सवाल उठते हैं जैसे पिछ्ले वर्ष लगभग 11.42 लाख परिवारो ने अपने दावे सरकार के समक्ष प्रस्तुत किये थे जिस पर सरकार ने स्वीकार किया था कि इनमे से 8.71 लाख परिवारो का नाम 44.77 लाख परिवारो वाली बी.पी.एल. सूची मे सम्मिलित होना चाहिये था. जिसका सीधा सा अर्थ यह निकलता है कि सरकार द्वारा बनायी गयी सूची मे 25 प्रतिशत नाम अयोग्य लोगों के थे. इसी संबन्ध मे डेमोक्रटिक एफर्ट फोर गुड गवर्नेस इन मध्य प्रदेश नामक एक गैर सरकारी संस्था के द्वारा किये गये सर्वेक्षण के अनुसार कुल वंचितो मे से सिर्फ 37 प्रतिशत लोगों ने ही अपने दावे प्रस्तुत किये थे. अर्थत प्रदेश मे ऐसे लगभग 24 लाख परिवार हैं जिन्हे सर्वेक्षण कर्ताओ की लापरवाही का खामियाज़ा भुगतना पडा. इंडियन मार्केटिंग डेव्लपमेंट सेंटर के एक समारोह मे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी स्वीकार किया था कि भले ही केन्द्र सरकार यह मानती है कि प्रदेश मे गरीबो की संख्या 37 प्रतिशत है परंतु वास्तव मे प्रदेश मे लगभग 60 प्रतिशत लोग गरीब हैं.

 

© Vikas Parihar | vikas