Friday, May 30, 2008

भड़ास और मोहल्ले के बीच पिसा बेचारा हम्माम

[पूर्व सूचना :- हालांकि मेरे लेख न तो किसी व्यक्ति विशेष से प्रभावित हैं और न ही किसी विचारधारा विशेष से। यदि मेरे लेखों से किसी व्यक्ति विशेष के मन को कोई चोट पहुंचती है तो मैं क्षमाप्रार्थी हूं]


इस से पिछली वाली पोस्ट पर मैंने चिट्ठेकारी के उद्देश्य को रेखांकित करने की कोशिश की थी परंतु हमारे कुछ सुधीजनों ने उसे भड़ास या यशवंत जी की हिमायती पोस्ट समझ कर उसकी घोर भत्सर्ना की। कुछ लोगों ने अपने नाम से टिप्पणी की तो एक भाई ने बेनाम टिप्पणी डाली। अविनाश भाई का फोन आया उनसे हालांकि पहली बार बात हुई परंतु ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि पहली बार बात हो रही है। उनसे काफी लम्बी और गहन चर्चा हुई। तो उस से समझ आया कि मेरी पोस्ट को कुछ गलत दिशा दी गई है या कोई सम्वादहीनता है जिसने मोहल्ले के कुछ साथियों को ऐसी टिप्पणियां करने पर मजबूर कर दिया है।
भैया वैसे मेरी आदत नहीं है किसी तरह की सफाई देने की। और न ही मेरी चाह है किसि तरह की टिप्पणी की। मैं तो बस अपना काम करना जानता हूं और अपने चिट्ठे को विकास से जुड़े मुद्दों को उठाने और उन पर अपने विचारों को व्यक्त करने का माध्यम मानता हूं। और अपने इस आदर्श पर मैं तब से अडिग हूं जब से मैने चिट्ठाकारी शुरू की है। मैं यह नहीं जानता कि अविनाश जी की बात में कितनी सच्चाई है या यशवंत जी कितना झूठ बोल रहे हैं। जहां तक मेरी जानकारी है या मेरी समझ है उसके अनुसार मेरा मानना है कि यदि हम किसी एक व्यक्ति की सहायता करना चाहते हैं तो हम उसकी समस्या को सुलझाने की दिशा मे कार्य कार सकते हैं परंतु यदि हमे समाज की समस्या का समाधान करना है तो हमे एक व्यक्ति की व्यक्तिगत समस्या को पूरे समाज की समस्या का रूप देना पड़ेगा। और उसे पूरे युग की पीड़ा के रूप मे परिलक्षित करना पड़ेगा। यदि मैं लिखूंगा या यदि मैं आवाज़ उठाऊंगा तो मैं उस व्यवस्था के विरुद्ध उठाऊंगा जिसके कारण एक इंसान एक स्त्री की अस्मिता पर झपट्टा मारने की हिम्मत जुटा लेता है।
अब आते हैं मुद्दे की बात पर तो भाई एक बात ज़रूर कहूंगा कि कुछ लोग सामुदायिक ब्लॉग्स बनाते हैं उस पर भदेसपन की नाम पर गाली गलौच लिखते हैं और यह सफाई देते हैं कि पूरे समाज मे दी जाती हैं भाई और सभी इनसे भली भांति परिचित हैं। सही भी है परा मैं एक बात पूछता हूं कि हर माता-पिता जानते हैं कि सुहाग रात को क्या होता है तो क्या सिर्फ इसी कारण सुहाग रात को सार्वजनिक रूप से मनाया जा सकता है? और मान लिया कि गालीयां देना इतना ही ज़रूरी है तो फिर सभी गालियां सिर्फ स्त्रियों के कुछ अंग विशेष से सम्बंधित क्यों हैं पुरुषों के अंगों से संबंधित गालियों का भी अविष्कार किया जाए और उन्हे प्रयोग में लाया जाए। परंतु ऐसा होता नहीं है। या तो पुरुषों के अंग इस लायक नहीं हैं या फिर सृजनात्मकता का आभाव है। और दूसरी तरफ हम एक बलात्कार की कोशिश के विरुद्ध तो आवाज़ उठाते हैं परंतु दिल्ली मे होने वाले कितने ही पंजीबद्ध बलात्कार प्रकरणों की तरफ और उससे भी ज़्यादा अपंजीबद्ध प्रकरणों की तरफ कभी कोई ध्यान नहीं दिया जाता। और साथ ही साथ यह कहा जाता है कि यह ना तो नम्बर की लड़ाई है और न ही व्यक्तिगत। हिन्दुस्तान में एन.एच.आर.सी. की रिपोर्ट के अनुसार सन 2006 में 19,384 बलात्कार और 36,617 प्रताड़ना के मामले पंजीबद्ध किए गए। इसमें से 31.1% मामले दिल्ली के हैं। और न जाने ऐसे कितने मामले हैं जिनका पंजीकरण नहीं कराया गया। तो उस समय हमारे तथाकथित बड़े बड़े पत्रकारों की पत्रकारिता और बड़े-बड़े लेखको की लेखनी को जंग लग जाती हैं। “नहीं नहीं हम इन मुद्दों या विकास से जुड़े मुद्दों पर नहीं लिखेंगा नहीं तो हमारी पोस्ट पर टिप्पणियां नहीं मिलेंगी। हमारे ब्लॉग पर हिट्स नहीं आयेंगे।“ हमें तो हमारे ब्लॉग पर हिट्स बढ़ाने हैं। टिप्पणियों की संख्या बढ़ानी है। बस यही चलता रहता है। और अब तो एक और कार्यक्रम शुरू हो गया है अपने सामुदायिक ब्लॉग बनाकर अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर छींटाकशी का एक शो चलाया जाए थोड़ी सी सनसनी पैदा होगी। थोड़ा स तड़का लगेगा। थोड़ी सी पब्लिसिटी होगी। और फिर कुछ दिनों के हंगामे के बाद सब कुछ चला जाएगा ठंडे बस्ते में।

[कहना तो बहुत कुछ है परंतु आज के लिए बस इतना ही। बाकी अगली बार]
पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त..................

Thursday, May 29, 2008

मोहल्ले में निकल रही भड़ास और भड़ास बना मोहल्ला

बहुत दिनों बाद अपने एक मित्र के बताने पर भड़ास पर पहुंचा तो देखता हूं कि भड़ास में एक मोहल्ला बन गया है और मोहल्ले में भड़ास निकल रही है। बात आगे कहने से पहले यशवंत जी एवं सभी बंधुओं से क्षमा चाहता हूं। यदि पहली बार पढने में मेरी कही गई बात गलत या बुरी लगे तो अनुरोध है कि इस पोस्ट को दोबारा पढ़ें और शांति से आत्ममंथन करे।
सबसे पहली बात तो यह है कि भड़ास एक सामुदायिक ब्लॉग है जिसका उद्देश्य पूरे देश के पत्रकारों और आम जन को अपने मन की भड़ास और कुंठाओं को को निकालने का एक मंच प्रदान करना है। हम भड़ास पर बात करते हैं उन सभी गलत बातों की जो समाज में या फिर पत्रकारिता जगत में चल रही हैं। तो फिर नम्बर वन या नम्बर टू वाली बात ही नहीं उठती। और अगर हम लोग ही इस होड़ा-होड़ी में लग जायेंगे तो फिर सनसनी को खबर बना कर प्रस्तुत कर रहे और टी.आर.पी. की अन्धी दौड़ में लगे हुए खबरिया चैनलों में क्या फर्क़ रह जाएगा? और अगर हम ऐसा करते हैं तो कहीं न कहीं हम अपने उद्देश्य से तो भटकते ही हैं साथ ही साथ भड़ास ने जिस पुण्यकर्म के लिए जन्म लिया है उसे भी दूषित करते हैं।
एक तरफ तो हम ब्लॉगिंग को भविष्य के एक सशक्त वैकल्पिक मीडिया के रूप में प्रस्तुत करते हैं और दूसरी तरफ ऐसी छींटाकशी करते हैं। और रही बात नम्बर वन की तो चाहे आज खबरिया चैनल कितनी भी टी.आर.पी. कमा लें पर खबर के मामले में दूरदर्शन की बराबरी नहीं कर सकते क्यों कि आज भी दूरदर्शन “अमिताभ बच्चन के पैदल सिद्धिविनायक मन्दिर जाने” या फिर “मल्लिका शेरावत या राखी सावंत की नंगी टांगों” को मुख्य खबर बना कर नहीं दिखाता। वह आज भी अपने मापदंण्डो पर तटस्थ है। इसीलिये उसकी विश्वस्नीयता आज भी बरकरार है।
मैं यह नहीं कहता कि व्यवसायिक प्रतिद्वन्दिता नही होनी चाहिये। वह भी एक समग्र विकास के लिए बहुत ज़रूरी है परंतु यह भी ध्यान रखा जाए कि यह व्यवसायिक प्रतिद्वंदिता कहीं दुश्मनी में न बदल जाए। और अगर बदले भी तो कम से कम बशीर बद्र साहब की उन लाइनों को तो अवश्य याद रखा जाए जो कहती हैं: दुश्मनी जम के करो पर यह गुंजाइश रहे, जब कभी हम दोस्त हो जाएं तो शर्मिन्दा न हों।
अभी के लिए बस इतना ही लिख रहा हूं आगे इस मसले पर और भी बहुत कुछ है लिखने को पर वो बाद में लिखूंगा।

Monday, March 31, 2008

भटे भाजी की तरह पनप रहे मीडिया स्कूल और कॉलेज

हिंदी दैनिक हिन्दुस्तान में डा. हेमंत जोशी का पत्रकारिता शिक्षा पर एक यथार्थपरक विश्लेषण प्रकाशित हुआ है। इस विश्लेषण में उन्होंने बिल्कुल सही लिखा है कि पत्रकारिता आज पलक झपकते ही लोगों को ख्याति, पैसा और हैसियत बनाने की सबसे उत्तम सीढ़ी बन गई है। डा. जोशी ने पत्रकारिता पेशे में जाने वाले कई युवक-युवतियां का उदाहरण देते हुए लिखते हैं कि वे देश-दुनिया के बारे में जानना तो दूर, सामान्य ज्ञान में भी कमजोर होते हैं। डा. जोशी का कहना है कि पत्रकारिता के पेशे के प्रति युवा पीढ़ी के इस आकर्षण का यह परिणाम हुआ है कि अनेक विश्वविद्यालयों ने आवश्यक सुविधाओं और प्रशिक्षित अध्यापकों के बिना ही पत्रकारिता के पाठ्यक्रम शुरु कर दिए। कई ऐसे लोग, जिनके पास पूँजी थी या जगह थी या मीडिया में थोड़ी-बहुत पहुँच थी, वह भी कमर कस के इस मैदान में आ गए और लोगों से अनाप-शनाप फीस ले कर उन्हें पत्रकार या टीवी एंकर बनाने का प्रलोभन देने लगे।
डा. हेमंत जोशी का पत्रकारिता शिक्षा पर किया गया विश्लेषण बिल्कुल सटीक है। जबलपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश में वर्तमान में पत्रकारिता शिक्षा के संस्थान, जिस प्रकार कुकरमुत्ते की तरह फैलना शुरु हुए हैं, वह आश्चर्यजनक है। बिना किसी प्रशिक्षित अध्यापकों के जिस प्रकार पत्रकारिता शिक्षा दी जा रही है, वह इस प्रकार के संस्थानों को मान्यता देने वाले विश्वविद्यालयों की ईमानदारी पर भी प्रश्नचिन्ह लगाती है। पत्रकारिता शिक्षा के संस्थान युवक-युवतियों को राजदीप सरदेसाई, विनोद दुआ, पुण्यप्रसून वाजपेयी, बरखा दत्त से लेकर स्थानीय रोल मॉडलों का उदाहरण देते हुए, उनके समकक्ष या उससे अधिक ऊंचाई तक पहुँचाने का प्रलोभन देते हैं। इस प्रकार के प्रलोभन से गांव के साथ-साथ शहर के स्नातक और पोस्ट ग्रेजुएट विद्यार्थी दिग्भर्मित हो जाते हैं।
मुझे याद है कि एम. काम उत्तीर्ण एक सीधे साधे विद्यार्थी को जबलपुर के एक मीडिया स्कूल के संचालक ने सब्ज-बाग दिखा कर पब्लिक रिलेशन्स के कोर्स में एडमिशन करवा दिया। इसके लिए उस विद्यार्थी ने यहां वहां से जुटा कर बड़ी रकम फीस के रुप में दी। आज लगभग चार वर्ष हो रहे हैं, वह विद्यार्थी आज भी सड़कों पर ही घूम रहा है। इस विद्यार्थी ने जब मीडिया स्कूल में एडमिशन लिया, तब वहां कोई भी पोस्ट ग्रेजुएट स्तर में अध्यापन करने वाला अध्यापक नहीं था और न ही आज है। इस प्रकार के तथाकथित मीडिया स्कूल और संस्थान वर्ष भर विद्यार्थियों से लंबी-चौड़ी रकम ले कर पत्रकारिता शिक्षा के नाम पर बहलाते और फुसलाते रहते हैं। साल भर विद्यार्थी भी इस मुगालते में रहता है कि बस कुछ दिन में ही वह एक बड़ा पत्रकार या टीवी जर्नलिस्ट बनने वाला है। जब हकीकत सामने आती है, तब वह सिर्फ पछताता ही है। बैचलर आफ जर्नलिज्म जैसे कोर्स में अध्यापकों का वेतन देने से बचने के लिए पूरा कोर्स साल भर के स्थान पर दो-तीन महीने में खत्म कर दिया जाता है और शेष समय में संस्थान का संचालक स्वयं ही पत्रकारिता का व्यवहारिक व सैद्घांतिक ज्ञान बांटने लगता है।
जबलपुर में आजकल टीवी के साथ-साथ रेडियो जॉकी के फर्जी कोर्स का धंधा भी पनपना शुरु हो गया है। इन कोर्स के लिए नौजवानों के साथ अधेड़ भी रुचि लेने लगे हैं। एफएम के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति को महसूस होने लगा है कि उसमें शायद एक अच्छे रेडियो जॉकी या एनाउंसर बनने की क्षमता है। लोगों के इसी भ्रम का फायदा उठा कर जबलपुर के मीडिया स्कूल और संस्थान एक-दो महीने के क्रेश कोर्स संचालित कर रहे हैं। इसी प्रकार के एक मीडिया स्कूल में जाने पर मैंने देखा कि वहां अधिकांश संख्या अधेड़ महिलाओं की थी, जो कि रेडियो जॉकी बनने की तमन्ना से क्रेश कोर्स कर रही थीं। उनके अलावा अन्य विद्यार्थी 'स' और 'श' का उच्चारण में फर्क नहीं कर पा रहे थे। मुन्ना भाई में रेडियो जॉकी की भूमिका निभाने वाली विद्या बालन की "गुड मार्निंग मुंबई" की तर्ज पर "गुड मार्निंग जबलपुर" की लाइनों को दोहरा कर सबको इस बात की अनुभूति करवाई जा रही थी कि वे ही जबलपुर की विद्या बालन हैं। सभी विद्यार्थी अपनी टेप की गई आवाज सुन-सुन कर खुश हो रहे थे।
दरअसल मीडिया स्कूल और संस्थानों में इंफ्रास्ट्रक्चर के नाम पर कृछ नहीं रहता है। एक अलमारी में 10-20 किताबें रख कर विद्यार्थियों को इस भ्रम में रखा जाता है कि उन्हें किताबें खरीदने की जरूरत नहीं होगी। परीक्षाओं के समय विद्यार्थियों को जब पुस्तकें नहीं मिलती है, तब उन्हें पत्रकारिता शिक्षा का सच समझ में आता है।
इस संबंध में वर्षों से विश्वविद्यालय में संचालित होने वाले पत्रकारिता विभागों की स्थिति कुछ अच्छी नहीं हैं। यहां अध्यापन करने वाले शिक्षक स्वयं भ्रम के शिकार हैं। उन्हें पत्रकारिता की नई प्रवृत्तियों की जानकारी नहीं है। किताबी ज्ञान तो बांट दिया जाता है, लेकिन व्यवहारिक शिक्षा देने में विश्वविद्यालय के अधिकांश अध्यापक असफल रहते हैं, क्योंकि उनका स्वयं का व्यवहारिक अनुभव शून्य ही रहता है। पत्रकारिता शिक्षा के संबंध में यह बात भी महसूस की गई है कि अध्यापक पत्रकारिता के व्यवहारिक पक्ष को समझा नहीं पाते हैं और वहीं प्रोफेशनल पत्रकार अपने पेशे का ज्ञान तो दे सकते हैं, लेकिन वे क्लास रूम में एक अच्छे शिक्षक की भूमिका नहीं निभा पाते हैं। इस दृष्टि से पत्रकारिता प्रशिक्षण का मानकीकरण होना चाहिए, जिससे पत्रकारिता शिक्षा और प्रशिक्षण का स्तर तो ऊंचा हो और अच्छी-खासी फीस लेने पर भी नियंत्रण लगे।
लेखक:-गुलूश (जबलपुर चौपाल से साभार)

Monday, November 19, 2007

पत्रकार या बेकार

किसी ने कहा है कि :-
खींचो न तीरो कमान न तलवार निकालो।
जब तोप मुकाबिल हो तब अखबार निकालो।

अखबार की ताकत को बयाँ करने वाला यह जुमला शायद आज बेकार हो गया है या फिर शायद बदलते समय के साथ इस शेर और अखबारो की शक्ति क्षीण पड़ गई है। एक समय अंग्रेज़ी हुकूमत के विरुद्ध आवाज़ उठाने वाले एवं स्वतंत्र अभिव्यक्ति के सशक्त माध्यम माने जाने वाले इन अखबारों की स्थिति आज ऐसी हो गई है य कर दी गई है कि इन्हे भी अपनी लेखनी और कलम की शक्ति का प्रयोग करने की जगह ज्ञापन सौंपने और विरोधात्मक रैली निकालने जैसे दूसरे दर्जे के साधन अपनाने पड़ रहे हैं। हाल ही में समाचार पत्रों को नए संस्कार देने वाली जबलपुर नगर मे एक ऐसी घटना घटी जो यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि क्या हमारे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ इतना कमज़ोर हो गया है कि हवा का एक कम्ज़ोर झौका उसे आरम से हिला दे? जिस देश में पत्रकारों के लिए यह कहा जाता है कि:-
शक्ल से देखने में यह न गोरे हैं न काले हैं।
न इनके पास पिस्टल हैं न इनके पास भाले हैं।
तबीयत से हैं यह बेफिक्र फाकामस्त जीवन में,
कलम के और कागज़ के धनी अखबार वाले हैं।

उसी देश में पत्रकारों की कलम इतनी भोथरी हो गई है कि उन्हें ज्ञापन सौंपने और विरोधात्मक रैली निकालने जैसे दोयम दर्जे के हथकण्डे अपनाने पड़ रहे हैं। यह बात जितनी हास्यास्पद है उतनी शर्मनाक भी। स्वयं इस क्षेत्र से जुड़े होने के कारण मुझे भी इस बात का क्षोभ होता है कि दूसरों के अधिकारों के हनन के विरुद्ध आवाज़ उठाने वाले माध्यम को आज अपने अधिकारों की रक्षा करना मुश्किल पड़ रहा है। और आज यह बात कहने में थोड़ा दुख तो होता है परंतु कोई हिचक नहीं होती कि सर्वप्रथम मिशन के रूप मे प्रारंभ होने वाली यह विधा धीरे-धीरे प्रोफेशन में बदली उसके बाद सेंसेशन मे तब्दील हुई। यहाँ तक तो ठीक था परंतु पर आत्मा में कहीं न कहीं एक गहरी चोट लगती है कि अब वह धीरे-धीरे कमीशन में बदल रही हैं। कभी कभी यह लगता है कि यह विधा कहीं अपनी चिता अपने ही हांथों से तो तैयार नहीं कर रही? परंतु यहं भी उम्मीद की एक किरण मुझे इसमे भी दिखाई देती है कि हो सकता है कि अपनी हाथों से तैयार की गई चिता मैं नष्ट होने के बाद यह विधा एक बार पुनः जन्म लेगी स्वयं की अस्थियों से फीनिक्स पक्षी की तरह।

Tuesday, October 16, 2007

उसकी टी.आर.पी मेरी टी.आर.पी से ज़्यादा कैसे?

(पढ़ने वालों से अनुरोध है कि कृपया इस पोस्ट को दिल पर न लगाएं। यह मात्र एक हँसी ठठ्ठा है।)
भाई आज-कल एक अजीब सी लहर चली है टी।आर।पी। की। चैनलों वाले हमेशा इसी उहा पोह में लगे रहते हैं कि अपने विपक्षी चैनल के दर्शक कैट्से काटे जाएं। पेपर वाले सोचते हैं कि दूसरे के पाठक कैसे तोड़े जाएं। एफ।एम. वाले सोचते हैं की दूसरे के श्रोता कैसे छीने जाएं। जबरदस्त प्रतियोग्यता के इस दौर में हर संचार माध्यम को जैसे दस्त लग गए हों। कुपच हो गई हो।किसी और को हँसते खेलते खिलखिलाते देखना उन्हें पचता ही नहीं है। और यह कुपच भी ऐसी है कि यहाँ डॉक्टरों और हकीमों का कोई भी नुस्खा काम नही कर सकता। भाई ये अच्ची बात नईं है। जब सभी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हो तो सभी को मिल बाँट कर खाना चाहिए। पर अब वो बात कहाँ। चलो भाई मान भी लिया जाए कि प्रतिद्वन्दिता है तो कम से कम उसकी कोई सीमा तो होनी चाहिए। भाई प्रतिद्वन्दिता में जब नैतिकता का समावेश हो तो अच्छा लगता है। पर यहाँ तो नैतिकता को एक दम दरकिनार कर दिया गया है।
अपनी टी.आर.पी. बढ़ाने के लिए कुछ चैनल भूत-प्रेतों का सहारा ले रहे हैं। बेचारे भूतों को ब्रेकिंग न्यूज़ बना कर दिखा रहे हैं। अरे यार जब एक चैनल में काम करने वाले इतने सारे ज़िन्दा कर्मचारी कुछ नहीं कर पा रहे तो ये बेचारे मरे हुए क्या कर लेंगे? हमें बस जे बात समझ नईं आती। और तो और एक बात और सोचने लायक है कि जब से धड़ाधड़ चैनलों की बाढ़ आई है तभी से एम.एम.एस. स्केंडलों की भी बाढ़ आई है। अब किसी लड़की को उसके अंतरंग पलों में धोखा दे कर अगर किसी ने एक एम.एम.एस बना दिया तो ये चैनल वाले उसी क्लिपिंग को दिन भर मे 120 बार दिखा कर तो वैसे ही छिनाल बना देते हैं। हद हो गई यार। अरे भैया मेरी मानो तो ये सब टुच्चे तरीके छोड़ो और अपनी गुणवत्ता पर ध्यान दो टी.आर.पी. अपने आप बढ़ जाएगी। क्यों कि जहाँ गुणवत्ता वाली चीज़ दिखाई देगी दर्शक की उंगली और नज़र वहीं ठहर जाएगी। नहीं तो आज-कल रिमोट कंट्रोल का ज़माना है और उस पर लोगों की उंगलियाँ भी बहुत तेज़ी से चलती हैं।

Monday, October 15, 2007

एक तबका अभी भी छूट रहा है

चिट्ठों की शुरुआत हुए काफी समय बीत गया है। आज हिन्दी चिट्ठे अपने शैशवकाल से थोड़ा ऊपर उठ कर योवन के धरातल की तरफ अपने कदम बढ़ा रहे हैं। इतना ही नहीं चिट्ठों को मुख्य धारा के संचार माध्यमों के नए एवं सशक्त माध्यम के रूप मे भी देखा जा रहा है। यह स्वभाविक भी है क्यों कि चिट्ठों मे कमोवेश भ्रष्टाचार की संभावना कम है। इसका मूल कारण है इनके आर्थिक पहलू का न होना। जिस किसी भी चीज़ का आर्थिक पहलू नहीं होगा और जिसका उद्देश्य मात्र स्वयं का सुख और सेवा होगा वहां भ्रष्टाचार की संभावनाएं उतनी ही कम हो जाती है। अभी तक के सभी चिट्ठों को पढने के बाद एक बात जो सामने आई वह यह है कि आम तौर पर सभी चिट्ठों का सरोकार य तो साहित्य से है या फिर सामयिक राजनीतिक मुद्दों के विश्लेषण से। यहां एक तबका ऐसा रह जाता जो कि तथाकथित मुख्य धारा मे तो अपनी जगह बना ही नहीं पा रहा है परंतु भविष्य के वैकल्पिक मीडिया कहे जाने वाले इन चिट्ठों से भी अछूता रह गया है।
जी हाँ मैं बात कर रहा हूं हमारे समाज के वंचित तबकों की। उन लोगों की जिन्हें दोनो वक़्त का भोजन भी सही ढंग से उपलब्ध नहीं हो पाता,कपड़ों के नाम पर जो महज़ कुछ चिथड़े अपने बदन पर लपेटे रहते हैं, उन लोगों की जो अपनी सारी ज़िन्दगी फुटपाथ पर ही बिता देते हैं। चिट्ठाजगत पर साहित्य की बातें होती हैं, जीवन की अनुभूतियों की बातें होती हैं, भाषा के उन्नयन की बातें होती हैं, राजनीति की बातें होती हैं अर्थिक नीतियों की बातें होती हैं पर फिर भी भारतीय समाज का यह यह एक बड़ा तबका जिन्हें हम वंचितों की श्रेणी मे रखते हैं।जिन्हे हमारे समाज ने एक दम हाशिए पर रख दिया है हमारे चिट्ठे जगत से एक दम छूट गया है। ऐसा नहीं है कि इनसे जुड़े मुद्दे लोगों को उद्द्वेलित नहीं करते परंतु अगर आवश्यक्ता है तो एक सार्थक पहल की। आवश्यक्ता है तो अपनी शक्ति को पहचान कर उसे एक दिशा देने की। अब यहाँ से तो सभी के व्यक्तिगत विचारों का मंथन प्रारंभ होता है। तो मित्रो चलो हम सब अपने विचारों के मंथन मे थोड़ी जगह इन लोगों को भी दें। मुझे यकीन है कि इस मंथन में भी कुछ महत्वपूर्ण रत्न निकल कर आएंगे। मैं जानता हूं कि मेरे चिट्ठे की पठनीयता इतनी अधिक नहीं है कि वह अधिक लोगों को प्रभावित कर पाए परंतु यदि मेरा यह सन्देश यदि किसी एक व्यक्ति को भी इन मुद्दों पर लिखने के लिए प्रेरित कर पाया तो मैं समझूंगा कि मेरा लिखना सार्थक रहा। नहीं तो "एकला चलो" का नारा तो साथ है ही। अकेले इस सफर की शुरूआत की है अकेले ही चलूंगा। पर फिर भी यह अवश्य कहूंगा कि "आओ पहल करें"

Monday, October 8, 2007

ये विकास का मामला है।

आज कल भूख, गरीबी, शिक्षा, बेरोजगारी आदि जैसे विकास के मुद्दों पर बात-चीत करना फैशन हो चला है। किसी चाय या सिगरेट की दुकान पर ही यदि खड़े हो लिया जाए तो महज़ पाँच मिनिट के अंतराल में आप दो-तीन लोगों को इन मुद्दों पर बात करते हुए देख लेंगे। ऐसी ही एक हवा मीडिया जगत में भी चली है। इस विषय पर मीडिया से संबंधित लोग प्रायः बात करते ही रहते हैं। ऐसे वार्तालापों में एक बहुत अजीबोगरीब बात सामने आती है कि जहां एक ओर मीडिया संस्थानों के रिपोर्टरस और संवाददाताओं का कहना है कि ऐसे मुद्दों से जुड़ी खबरों के लिए समाचार-पत्रों मे जगह नहीं दी जाती वहीं संपादकों एवंउप संपादकों का कहना है कि इस तरह के समाचार ही नहीं लाए जाते वरना हमारी पूरी कोशिश होती है कि ऐसे मुद्दों को उचित जगह दी जाए। यदि इन दोनों के पक्षों की बात मान ली जाए तो अब सवाल यह उठता है कि यदि दोनों अपनी जगह सही हैं तो गलत कौन है और इन दोनो के बीच ऐसा कौन है जो ऐसे मुद्दों को बीच में ही हजम कर जाता है। और यदि ऐसा कोई नहीं है तो फिर झूठ कौन बोल रहा है।
पर भाई सच और झूठ के फेर में हम न पड़ें तो ज़्यादा बेहतर होगा क्यों कि सारी दुनिया इसके पीछे पड़ी हुई है। अब जहाँ तक समाचार पत्रों मे ऐसे मुद्दों को जगह देने की बात है तो मेरा व्यक्तिगत अनुभव है कि जब भी मैने ऐसे मुद्दों पर लिखा है तब तब मुझे स्पेस मिला है। और सिर्फ मिला ही नहीं अच्छा-खासा मिला है। फिर ये बात तो बेमानी हो जाती है कि जगह नहीं मिलती। यहाँ बस यही कहना रह जाता है कि इन मुद्दों पर काम करना हर कोई चाहता है। बात हर कोई करता है। पर बात और बहस करने और चाहने के बीच और होने के बीच एक सेतु होता है वो है कोशिश का। और कमी यहीं रह जाती है कि लोग एक ईमानदार कोशिश नहीं करते।
पर भाई आज-कल फैशन सिर्फ बातचीत करने का चल रहा है न कि कोशिश करने का। जब कोशिश करने का फैशन शुरू होग तब हम भी करेंगे अभी से क्यों अपना सर इन फालतू मुद्दों के लिए धुनें।

 

© Vikas Parihar | vikas